डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

डिंडौरी में केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में शुक्रवार से जनकल्याणकारी शिविरों का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में 12 से 18 जून तक जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में तीन दिवसीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इन शिविरों की शुरुआत जिला पंचायत एवं नगर परिषद डिंडौरी परिसर में की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। जिला पंचायत परिसर में आयोजित जनपद पंचायत डिंडौरी के शिविर में विभिन्न योजनाओं से संबंधित कुल 120 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 90 सम्बल पंजीयन, 15 श्रमयोगी मानधन तथा 10 राजस्व संबंधी आवेदन शामिल रहे। वहीं आजीविका मिशन के अंतर्गत पांच प्रकरणों में 18 लाख रुपये की सीएलएफ राशि का वितरण किया गया।

इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। शिविरों में दिव्यांग प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, समग्र आईडी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि एयर एंबुलेंस सुविधा के माध्यम से गंभीर मरीजों को भोपाल भेजकर उपचार उपलब्ध कराया गया, जिससे कई लोगों को नया जीवन मिला है।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शिविरों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में अलग-अलग पंचायतों को शामिल कर शिविरों का व्यापक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया जाए।

रक्तदान शिविर में दिखा सेवा भाव

जनकल्याणकारी शिविर के साथ जिला पंचायत परिसर में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया तथा जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर में रेडक्रॉस सभापति नरेंद्र सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष सचिन जैन, सदस्य आशीष वैश्य एवं सुधीरदत्त तिवारी सहित कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया।

जनकल्याणकारी शिविरों के माध्यम से जहां पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला, वहीं रक्तदान शिविर ने समाज में मानव सेवा और जागरूकता का संदेश भी प्रसारित किया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जनपद अध्यक्ष आशा सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीरा रूद्रेश परस्ते, रेडक्रॉस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Comments are closed.