डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

एक प्रधान आरक्षक बने सहायक उप निरीक्षक, आठ आरक्षक पदोन्नत होकर बने प्रधान आरक्षक; एसपी ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की सीख

डिंडौरी। जिला पुलिस डिंडौरी में शुक्रवार को पदोन्नति प्राप्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वरिष्ठ पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कुल 9 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति के बाद उनके नवीन पद का कार्यभार ग्रहण कराया गया। गरिमामय वातावरण में आयोजित समारोह में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत साथियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

जिला पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक राजेश सोनी को पदोन्नत कर सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बनाया गया। वहीं भीकम सिंह मार्को, विवेक सिंह, नरेन्द्र प्रताप सिंह, खेम सिंह सैयाम, सेम सिंह बैगा, जगन्नाथ सिंह बट्टे, प्रमोद कुमार पटेरिया एवं विकास कुमार सूर्या को आरक्षक से पदोन्नत कर प्रधान आरक्षक के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के विस्तार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा का प्रत्येक नया पद नई चुनौतियों और अपेक्षाओं के साथ आता है। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण की भावना से करें तथा आमजन को त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहें।

एसपी ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने व्यवहार, कार्यशैली और सेवा भावना से विभाग की सकारात्मक छवि को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि पदोन्नत अधिकारी एवं कर्मचारी नई ऊर्जा और उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

समारोह के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत साथियों का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया। जिला पुलिस ने उम्मीद जताई कि सभी पदोन्नत अधिकारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था के दायित्वों का निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।

Comments are closed.

Exit mobile version