शहडोल मध्यप्रदेश
जैसिंहनगर (शहडोल): थाना जैसिंहनगर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए अवैध स्मैक (हेरोइन) की तस्करी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि रीवा से शहडोल की ओर आ रही बस (MP17P5255) में पुरुष और महिला भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर जा रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बस स्टैंड पर घेराबंदी की और बस की तलाशी ली।
चेकिंग के दौरान बीच की सीट पर बैठे आरती सेन और किशन भारती संदिग्ध पाए गए। तलाशी लेने पर उनके पास से 12.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 30,000 रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। कुल मशरूका की कीमत 42,750 रुपये आंकी गई है।
प्रयागराज से जुड़ा नेटवर्क, मुख्य साजिशकर्ता भी गिरफ्त में
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह नशीला पदार्थ इलाहाबाद (प्रयागराज) से खरीदकर लाए थे। उन्होंने बताया कि शहडोल निवासी पुन्नू उर्फ मुन्नू गर्ग और शुभम बत्रा के कहने पर वे वहां गए थे, जो उनसे ऊंचे दामों पर स्मैक खरीदने वाले थे। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए षड्यंत्र में शामिल इन दोनों मुख्य आरोपियों को भी धर दबोचा।
सभी आरोपियों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 8, 21, और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जीवन सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
अजय पाल

