डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

रोजगार शिक्षा प्रशिक्षण के दूसरे दिन गतिविधियों के माध्यम से जेंडर और सेक्स की अवधारणा को समझाया

शहपुरा – सांदीपनि विद्यालय शहपुरा में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के शिक्षकों के लिए आयोजित रोजगार शिक्षा (द्वितीय वर्ष) शिक्षक प्रशिक्षण के दूसरे दिन जेंडर समानता, बाल सुरक्षा एवं सुरक्षित वातावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को रोजगार शिक्षा के सत्र प्रभावी ढंग से संचालित करने के साथ विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, समानतापूर्ण एवं संवेदनशील वातावरण तैयार करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान करना रहा। ब्लॉक मैनेजर संदीप शुक्ला ने बताया कि सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र जाटव के निर्देशन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण तिवारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन की शुरुआत प्रथम दिवस में कराई गई गतिविधियों एवं प्रमुख बिंदुओं की पुनरावृत्ति से हुई। इसके बाद शिक्षकों को समूहों में विभाजित कर विभिन्न डेमो सत्रों का वितरण किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जेंडर समता एवं समानता, बाल सुरक्षा, सुरक्षित वातावरण तथा लैंगिक समानता जैसे विषयों पर सहभागितापूर्ण गतिविधियों और चर्चा के माध्यम से शिक्षकों की समझ विकसित की गई। उदाहरणों एवं गतिविधियों के माध्यम से सेक्स और जेंडर के बीच अंतर को स्पष्ट किया गया, ताकि शिक्षक इन विषयों को विद्यार्थियों तक सरल, सहज एवं संवेदनशील तरीके से पहुंचा सकें। इस दौरान डीपीएम महाराणा प्रताप सिंह द्वारा कक्षा 12वीं के रोजगार शिक्षा सत्र का डेमो प्रस्तुत किया गया। डेमो सत्र के माध्यम से शिक्षकों को सत्र संचालन की प्रक्रिया, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के तरीकों तथा कक्षा में गतिविधि आधारित शिक्षण के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के बाद शिक्षकों ने दिया पोस्ट टेस्ट

प्रशिक्षण के अंत में सभी शिक्षकों ने दूसरे दिवस की गतिविधियों, प्रशिक्षण से प्राप्त सीख एवं अपने अनुभव साझा किए। इसके पश्चात निर्धारित लिंक के माध्यम से सभी प्रतिभागियों ने पोस्ट टेस्ट में सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य यशवंत साहू ने प्रशिक्षण के संबंध में अपने विचार साझा करते हुए शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आगामी दिनों में निर्धारित टाइम-टेबल के अनुसार सभी कक्षाओं में रोजगार शिक्षा के सत्रों का नियमित संचालन एवं ऑनलाइन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के सफल संचालन में सभी शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।

Comments are closed.

Exit mobile version