215.82 लीटर देशी-अंग्रेजी शराब जब्त, कीमत करीब ₹1.46 लाख — आरोपी मौके से फरार
जुन्नारदेव। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जुन्नारदेव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। माजरी क्षेत्र में कांबिंग गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से 25 पेटी अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 215.82 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,45,950 बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार में सवार आरोपी विजय उर्फ गुड्डा वसूले निवासी माजरी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। मामले में पूर्णिमा कुशवाह को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने शराब एवं वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले में जुन्नारदेव थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
यह कार्रवाई एसडीओपी सोनम पाटिल एवं थाना प्रभारी जे. मसराम के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
राष्ट्रीय समाचार पत्रिका पुलिस वाला असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू





