जांजगीर-चांपा:
आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस व प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान नैला अग्रसेन भवन के सामने विराजित होने वाली माँ दुर्गा के दर्शन हेतु उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के मार्गदर्शन में आयोजित इस समन्वय बैठक का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क तथा एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने किया। अधिकारियों ने माँ दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ गहन विचार-विमर्श कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और भीड़ नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
इस विशेष बैठक में एसडीएम जांजगीर, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) जांजगीर योगिताबाली खापर्डे तथा नगर पालिका जांजगीर-नैला के सीएमओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और शहर की यातायात व्यवस्था को बिना किसी बाधा के सुचारू बनाए रखना है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

