डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

करंजिया के जोगीगवारा गांव की घटना, जगतपुर के पास जंगल में अचानक सामने आया भालू; घायल युवक अस्पताल में भर्ती, वन विभाग तलाश रहा लोकेशन

डिंडौरी। जिले के करंजिया वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को जंगल में लकड़ी लेने गए 31 वर्षीय युवक पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक की आंख, सिर और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जोगीगवारा निवासी धर्मेन्द्र पंद्राम रविवार दोपहर करीब एक बजे लकड़ी काटने के लिए ग्राम जगतपुर के पास स्थित जंगल गया था। इसी दौरान अचानक उसका सामना भालू से हो गया। इससे पहले कि युवक संभल पाता, भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक को आंख, सिर और हाथ में चोटें आईं। घटना के बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया पहुंचाया गया।

घायल की पत्नी लामिया से बातचीत के दौरान घटना की जानकारी सामने आई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से घटना के संबंध में जानकारी ली। वन विभाग फिलहाल भालू की लोकेशन ट्रेस करने में जुटा है, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

इस संबंध में करंजिया रेंजर कौशांबी झा ने बताया कि क्षेत्र में भालुओं की मौजूदगी रहती है और वे अधिकतर चौरा दादर के जंगलों की तरफ पाए जाते हैं। रविवार को जानकारी मिली है कि भालू बोदर बीट में आया है। फिलहाल घायल युवक के बयान लिए जा रहे हैं। वन विभाग के नियमानुसार जो सहायता राशि देय होगी, वह घायल को दिलाई जाएगी।

Leave A Reply

Exit mobile version