*छिंदवाड़ा _बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश नाकाम, सब इंस्पेक्टर पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार*

शहर के परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शनिवार दोपहर लूट की एक बड़ी साजिश स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल हो गई। बदमाश बैंक में लूट की नीयत से पहुंचे थे और दहशत फैलाने के लिए कथित रूप से रस्सी बम का इस्तेमाल किया।बताया जा रहा है कि घटना के समय बैंक बंद था। आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियां देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

 

पकड़े जाने पर नुकीले हथियार से किया हमला

 

खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश में आरोपी ने नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल के हाथ में चोट आई। घायल अधिकारी का प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिसे कोतवाली थाना ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

 

 

फरार आरोपी की तलाश जारी

 

कोतवाली पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि पूरी साजिश और उसके नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। वहीं, पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। *ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला_ अमित मिश्रा*

Leave A Reply

Exit mobile version