प्यूमा कंपनी के नकली प्रोडक्ट बेचते पाए जाने पर हुआ मामला दर्ज
छिंदवाड़ा। लूट ले… कहने को तो यहां ग्राहकों के लिए कम दाम पर कपड़े-जूते और अन्य सामान उपलब्ध है लेकिन रेड पड़ने पर पता चला कि लूट ले के नाम पर ग्राहक खुद ही लुट रहे हैं। जूतों की प्रतिष्ठित कंपनी प्यूमा के ब्रांड एवं मार्का की कापी कर शहर में दो प्रतिष्ठानों द्वारा जूते एवं कपड़े आदि बेचे जा रहे थे। इंदौर से कंपनी प्रतिनिधि ने आकर जब इसकी जांच की, तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शिकायत पर कापीराईट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्यूमा कंपनी के इंदौर निवासी मयंक शर्मा गत दिवस छिंदवाड़ा पहुंचे। यहां परासिया रोड में शू पार्क के पीछे स्थित गोदाम की जांच की गई, तो उसमें कंपनी के नाम से मिलते जुलते प्रोडक्ट पाए गए। इसी प्रकार परासिया रोड में लूट ले नामक कपड़ों के शोरूम में भी नकली प्रोडक्ट पाए गए। इंदौर निवासी मयंक शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने गोदाम संचालक गुरैया रोड निवासी हर्ष खोरगड़े एवं शोरूम संचालक भायदे कालोनी निवासी पंकज प्रजापति के खिलाफ कापीराईट एक्ट की धारा 51 एवं 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अमित मिश्रा _ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला

