जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा नशा मुक्ति के उद्देश्य से 15 जुलाई से 30 जुलाई तक “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के निर्देशन में छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान के अंतर्गत विभिन्न माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में आज कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायण एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे द्वारा छिंदवाड़ा नगर कलेक्ट्रेट सेजन जागृति रथ/ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो सत्कार चौक होते हुए वापस कलेक्ट्रेट पहुंचकर संपन्न हुई । कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से जीवनभर नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।* सभी ने जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा न करने, तंबाकू, शराब, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने, परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, स्वच्छ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता के नारे लगाए गए, चौक चौराहों पर नशा मुक्ति के पोस्टर लगाकर पंपलेट बांटे गए तथा जन जागृति रथ में लाउडस्पीकर पर नशा मुक्ति संबंधी गीत बजाकर आमजन को जागरूक किया गया !
कार्यक्रम में छिंदवाड़ा कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायण, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे, SDM श्री सुधीर जैन, डीएसपी ट्रैफिक श्री रामेश्वर चौबे,यातायात प्रभारी सूबेदार लोहित शेंडे, थाना प्रभारी कोतवाली श्री आशीष धुर्वे, सामाजिक न्याय सुरक्षा विभाग, कलेक्ट्रेट कार्यालय, NGO, ब्रम्हकुमारी आश्रम, नशा मुक्ति केंद्र अधिकारी/कर्मचारी एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा *”नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″* अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक बदलाव लाया जा सके।
ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला_ अमित मिश्रा

