देशभक्ति, जनसेवा, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों के साथ पुलिस सेवा में प्रवेश करने का दिया संदेश..

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस को अधिक सक्षम, तकनीकी रूप से दक्ष एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस विभाग में रिक्त पदों की पूर्ति हेतु मिशन मोड पर आरक्षक भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

 

वर्ष 2025 की पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जिला पुलिस छिंदवाड़ा में आज 29 नव आरक्षक उपस्थित हुए जिन्हें पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान कर दी उज्जवल भविष्य की बधाई व शुभकामनाएं!

 

नव चयनित आरक्षकों के स्वागत एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन पुलिस कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा में किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा श्री अजय पांडेय (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे द्वारा नव चयनित आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर मध्यप्रदेश पुलिस परिवार में उनका स्वागत किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने सभी नव आरक्षकों को पुलिस सेवा की गरिमा, दायित्वों एवं कर्तव्यों से अवगत कराते हुए देशभक्ति, जनसेवा, अनुशासन, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडेय ने कहा कि “पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा नागरिकों के विश्वास को सुदृढ़ करना प्रत्येक पुलिसकर्मी का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने नव नियुक्त आरक्षकों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा मध्यप्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएंगे।”

 

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और आधुनिक तकनीक, साइबर अपराधों की चुनौतियों तथा जन अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पुलिसकर्मी को निरंतर सीखने एवं स्वयं को अद्यतन रखने की आवश्यकता है।

संघर्ष से सफलता तक की प्रेरणादायक यात्रा
उल्लेखनीय है कि चयनित अभ्यर्थियों में अनेक ऐसे युवा शामिल हैं जिन्होंने सीमित संसाधनों एवं कठिन परिस्थितियों के बावजूद अथक परिश्रम, लगन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता प्राप्त की है। इन युवाओं की उपलब्धि अन्य अभ्यर्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम एवं समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

 

मध्यप्रदेश पुलिस में शामिल होकर ये नव चयनित आरक्षक प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के दायित्व का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा नव नियुक्त आरक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवा जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रदान की गईं।

 

उक्त कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक छिंदवाड़ा आशीष तिवारी, पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी, डी.एस. शेंडे स्थापना शाखा लिपिक पंकज बाइकर, वेतन शाखा लिपिक कार्तिक गनौरकर, सहायक नितिन शर्मा, सौरभ सलामे, पुलिस लाइन ऑफिसर केशव इंगले, पुलिस लाइन एचसीएम नरेश पाल, मंगेश मेश्राम, सिल्वेस्टर सिमोन व पुलिस स्टाफ मौजूद रहे!! ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _अमित मिश्रा

Leave A Reply

Exit mobile version