*छिंदवाड़ा :नरवाई जलाने पर 14 पर FIR ,किसानों से अपील—ना लगाए आग
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,छिंदवाड़ा। जिले में गेहूं कटाई का कार्य तेजी से जारी है। कटाई के बाद खेतों में बचे फसल अवशेष (नरवाई) के उचित प्रबंधन के लिए प्रशासन द्वारा सख्ती और जागरूकता दोनों स्तरों पर कार्रवाई की जा रही है। नरवाई जलाने के मामलों में अब तक जिले में 14 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा गांव-गांव में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नरवाई जलाने से खेत की उर्वरा शक्ति कम होती है और मित्र कीट नष्ट हो जाते हैं, जिससे आगामी फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
प्रशासन द्वारा प्रत्येक पंचायत में टीम गठित कर चौपाल एवं संगोष्ठियों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मुनादी कराकर नरवाई न जलाने की अपील की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी जा रही है।
जिले में कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। सेटेलाइट के माध्यम से अब तक 497 नरवाई जलने की घटनाएं चिन्हित की गई हैं, जिन पर मौके पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। पटवारी, कृषि विस्तार अधिकारी और ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों द्वारा पंचनामा तैयार कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरवाड़ा विकासखंड में 6, चौरई में 3, बिछुआ में 4 और परासिया में 1 एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा बिछुआ एवं छिंदवाड़ा विकासखंड में एक-एक किसान पर जुर्माना भी लगाया गया है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे नरवाई जलाने के बजाय उसके प्रबंधन के आधुनिक तरीकों को अपनाएं। इसके लिए स्ट्रा रीपर, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, मल्चर और रोटावेटर जैसे कृषि यंत्रों के उपयोग की सलाह दी गई है। साथ ही डीकंपोजर के माध्यम से फसल अवशेषों को खाद में बदलने पर भी जोर दिया जा रहा है।
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी कंबाइन हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। कटाई के बाद सुपर सीडर से जायद फसलों की बोनी कर नरवाई जलाने की घटनाओं को रोका जा सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नरवाई जलाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला _अमित मिश्रा







