देहात पुलिस की कार्रवाई, दो अलग-अलग चोरी के मामलों का
खुलासा; पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की

छिंदवाड़ा। खेतों में सिंचाई के लिए लगे बोरवेल की लीड चोरी करने वाले चार आरोपियों को देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अलग-अलग चोरी के मामलों में कुल 1200 फीट बोरवेल लीड, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 21 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के निर्देशन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

दो मामलों में चोरी का खुलासा
पहले मामले में ग्राम गुरैया निवासी रामकृपाल साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 और 16 अक्टूबर की दरमियानी रात उनके खेत सहित आसपास के खेतों से बोरवेल की करीब 415 फीट लीड चोरी हो गई थी। इसकी अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 618/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आकाश उइके और वीरेन्द्र तेकाम, दोनों निवासी पोआमा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से करीब 450 फीट लीड बरामद की गई।

ये चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश उइके (29), वीरेन्द्र तेकाम (40), बुधमान भारती (38) और विनय सरेयाम (32) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आकाश उइके के विरुद्ध शराब तस्करी तथा बुधमान भारती के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले पूर्व में दर्ज हैं।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक रघुवंशी तथा आरक्षक सौरभ बघेल, सूरज सिंह चौहान, शेरसिंह रघुवंशी सहित साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन और आरक्षक आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा_ अमित मिश्रा

Leave A Reply

Exit mobile version