छिंदवाड़ा। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने निर्माणाधीन अस्पताल भवन से चोरी हुए बिजली फिटिंग के कीमती कॉपर वायर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राणा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को राजेश सनोडिया ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सिग्नेचर कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन सतपुड़ा लाइफ साइंस एंड रिसर्च सेंटर अस्पताल में बिजली फिटिंग का कार्य चल रहा है। दोपहर करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर हेवेल्स कंपनी के 4 एमएम कॉपर वायर के लगभग 20 से 22 बंडल चोरी कर ले गए।

रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 442/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए गए। मुखबिर से सूचना मिलने पर 5 जून को हवाई पट्टी रोड स्थित चाचा ढाबा के पास एक सफेद रंग की स्कूटी के साथ दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।

पूछताछ एवं सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने पर दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए बिजली फिटिंग के 17 बंडल कॉपर वायर दो बोरियों में बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज भौसर (24 वर्ष), निवासी खंजनपुर बेतूल, हाल निवासी पारेगांव, मुल्ताई तथा आकाश उर्फ गोलू विश्वकर्मा (32 वर्ष), निवासी कीर्तिधर सोसायटी, अंबिकानगर, नागपुर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों से लगभग 80 हजार रुपये मूल्य की स्कूटी तथा चोरी किया गया माल जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, उपनिरीक्षक चेतन मर्सकोले, सहायक उपनिरीक्षक रवि मालवीय, प्रधान आरक्षक नितिन सिंह तथा आरक्षक विकास बैस, सागर डेहरिया, अमित तोमर, रामकुमार जाटव और आदित्य सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है। ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला_ अमित मिश्रा

Comments are closed.

Exit mobile version