सिवनी जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी लखनादौन श्री अपूर्व भलावी के पर्यवेक्षण में छपारा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। दिनांक 03 जुलाई 2026 को थाना छपारा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक MP 50G 1396 के जरिए दो गौवंश को क्रूरतापूर्वक बांधकर वध हेतु नागपुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक श्री खेमेन्द्र कुमार जैतवार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया और चमारी तिगड्डा पर घेराबंदी की गई। पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहन की जांच करने पर उसमें दो नग गौवंश बैल क्रूर अवस्था में बंधे हुए पाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराकर उपचार एवं देखरेख के लिए पिण्डरई गौशाला भेज दिया है।
इस मामले में पुलिस ने मिथुन कुमार चक्रवर्ती, जयकिशोर और तरुण बघेल (सभी निवासी जेवनारा व मुंडापार, थाना बरघाट) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अवैध परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन और गौवंश को जप्त कर उनके विरुद्ध गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करने के उपरांत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री खेमेन्द्र कुमार जैतवार, सहायक उपनिरीक्षक सुखदास मर्सकोले तथा आरक्षक सूरज गिरारे की सराहनीय भूमिका रही। सिवनी पुलिस ने जनता से अपील की है कि जिले में गौवंश तस्करी पूर्णतः प्रतिबंधित है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 100 या नजदीकी थाने को दें, साथ ही सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट -आकाश भार्गव







