छत्तीसगढ़ की ‘लोखंडी महिला’ पल्लवी मनुदेव गौड़ा बनीं उत्तराखंड राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की संरक्षक

 

राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, उत्तराखंड इकाई ने पत्रकारिता, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रख्यात समाजसेवी तथा पल्लव इंडिया हर्बल फाउंडेशन की डायरेक्टर श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा को संगठन का संरक्षक (Patron) मनोनीत किया है। छत्तीसगढ़ की ‘हरफनमौला’ और ‘लोखंडी महिला’ के नाम से विख्यात श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा विगत 36 वर्षों से गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, बंगाल, झारखंड और राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रवृत्तियों में निरंतर सक्रिय रहकर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं।

राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य समन्वयक श्री प्रदीप फुटेला द्वारा जारी मनोनयन पत्र में उनके अनुभव, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण की सराहना की गई है। इस विशेष सम्मान और मनोनयन के लिए श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा ने महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रदीप फुटेला और उत्तराखंड के राजकीय-राष्ट्रीय पत्रकार संघ का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा संपूर्ण दुनिया में आयुर्वेद और हर्बल चिकित्सा पद्धति को प्रधानता देने के लिए जानी जाती हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड में सामाजिक व पर्यावरण के अनुकूल निर्माण कार्यों, जड़ी-बूटी युक्त जल विकास कार्यों तथा उत्तराखंड के राजकीय वृक्ष ‘बुरांश’ की प्राकृतिक गुणवत्ता का उपयोग कर औषधीय विकास कार्यों में विशेष रूप से कार्यशील हैं। उनका मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के उच्च गुणवत्ता वाले कुदरती उपचारों का लाभ संपूर्ण भारत और विश्व स्तर पर फैलाना है। इसी क्रम में राष्ट्रीय पत्रकार संघ के माध्यम से उन्हें उत्तराखंड राज्य का संरक्षक चुना गया है, जिससे संगठन को उनके इस व्यापक अनुभव का सीधा लाभ मिलेगा।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रदीप फुटेला ने कहा कि राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ पत्रकारों के हितों, अधिकारों और सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे में श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा का संरक्षण और मार्गदर्शन संगठन को एक नई दिशा, ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। महासंघ समाज के विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट व्यक्तित्वों को जोड़कर पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में एक सशक्त मंच तैयार कर रहा है, जिससे संगठन के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी अभियानों को और अधिक गति मिलेगी।

श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा के इस गरिमामयी पद पर चयन होने से पल्लव इंडिया हर्बल यूनाइटेड फाउंडेशन के अध्यक्ष, समग्र समूह, पत्रकार महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों में भारी हर्ष व्याप्त है। सभी ने उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए विश्वास जताया है कि उनके कुशल मार्गदर्शन में संगठन पत्रकारों के हितों और सामाजिक उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में पूरी तरह सफल होगा।

रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव

Leave A Reply