चोरी के मामले में नरहरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महिला आरोपी गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत जेवरात बरामद
नरहरपुर (उत्तर बस्तर कांकेर):
थाना नरहरपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ग्राम बरेठिनबाहरा निवासी प्रार्थी दिवस कुंजाम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपनी पत्नी के साथ साप्ताहिक बाजार गया था, तब सूने मकान का फायदा उठाकर किसी ने ड्रेसिंग टेबल से चाबी निकालकर आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 105/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक (SP) श्री निखिल राखेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। संदेह के आधार पर प्रार्थी की पत्नी की परिचित चन्द्रकला मरकाम (निवासी उरैया) से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए शत-प्रतिशत जेवरात—जिसमें दो सोने के झुमके, एक मंगलसूत्र, दो सोने के दाने, दो लॉकेट और एक जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं—बरामद कर लिए हैं। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹1,63,350/- है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
इस सफल और त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक (उनि) पीयुश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक खेमराज नेताम, आरक्षक निलेश साहू, तथा महिला आरक्षक सरिता गोटी व रानी नेताम की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
