डोमनहिल में 20 अक्टूबर और छोटा बाजार गांधी मैदान में 21 अक्टूबर को होगा आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि
चिरमिरी – एमसीबी – विजयादशमी पर्व के अवसर पर चिरमिरी में दशहरा उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के डोमनहिल और छोटा बाजार गांधी मैदान में दो अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोनों ही आयोजनों में क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। रावण दहन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों से शहर में उत्सवी माहौल देखने को मिलेगा।
डोमनहिल में डोमनहिल रावण दहन समिति की ओर से 20 अक्टूबर को रात 8 बजे रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष डमरू बेहरा और सचिव बबलू शर्मा के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की उम्मीद है।
वहीं, छोटा बाजार स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम में श्री श्री दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी समारोह समिति की ओर से 21 अक्टूबर, बुधवार को रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा के अनुसार शाम 7 बजे भव्य आतिशबाजी, शाम 7:30 बजे संगीत संध्या एवं जागरण और रात 8 बजे रावण दहन कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही समिति की ओर से दुर्गा पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य धार्मिक आयोजनों की भी व्यवस्था की गई है। डांडिया प्रतियोगिता का आयोजन 18 अक्टूबर को किया गया है।
दोनों आयोजनों को लेकर शहरवासियों में उत्साह है। दशहरा पर्व के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों ने नागरिकों से कार्यक्रमों में शामिल होकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की है ।
रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ
