घंसौर। घंसौर क्षेत्र में आज तड़के करीब 2 बजे से झमाझम बारिश का दौर जारी रहने से किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। लंबे समय से अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे किसानों के लिए यह वर्षा राहत और खुशियों का संदेश लेकर आई है। क्षेत्र के खेतों में बारिश से रौनक लौट आई है और समूचे कृषि जगत में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
क्षेत्र के बड़े किसान भारत यादव, दशरथ यादव एवं बलम यादव ने बारिश पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रकृति की मेहरबानी से किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी पूरी तरह मौसम पर निर्भर रहती है और समय पर होने वाली बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
किसानों ने कहा कि एक ओर मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार किसानों को उन्नत एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक किसान कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, वहीं दूसरी ओर घंसौर क्षेत्र में वंशी वाले की कृपा से हुई झमाझम बारिश ने किसानों की उम्मीदों को नई ऊर्जा दी है।
