ग्राहक बनकर आए शातिर चोर ने दुकान के गल्ले से पार किए 53 हजार, गोलबाजार पुलिस ने बिहार के आरोपी को दबोचा
रायपुर। राजधानी के व्यस्ततम गोलबाजार इलाके में एक दुकान से बड़ी चालाकी से नगदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 13 अप्रैल की है, जब फूल चौक स्थित नरेन्द्र केशवानी की पूजा सामग्री की दुकान में एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुँचा। उसने दुकानदार को तरह-तरह के सामान दिखाने के बहाने व्यस्त रखा और मौका पाकर गल्ले में रखे 53,000 रुपये लेकर फरार हो गया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रायपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सोनू कुमार (30 वर्ष), निवासी जिला सारण, बिहार के रूप में की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रायपुर से ही गिरफ्तार कर लिया, जिसके कब्जे से चोरी की गई राशि में से 38,000 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। इस पूरी कार्यवाही को सफलतापूर्वक अंजाम देने में गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, उपनिरीक्षक पुणे सिंह जुर्री, वरिष्ठ आरक्षक संदीप सिंह और आरक्षक संदीप तिवारी व दीपक ध्रुव की मुख्य भूमिका रही।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
