ऑपरेशन हेलो’ के तहत साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख रुपये से अधिक कीमत के गुम मोबाइल वास्तविक धारकों को लौटाए
नीमच। जिले में गुम हुए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों तक वापस पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हेलो’ के तहत नीमच पुलिस साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल एवं विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 15 लाख रुपये से अधिक कीमत के 105 गुम मोबाइल फोन रिकवर किए हैं।
दिनांक 28 सितंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा रिकवर किए गए मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को वितरित किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान देखने को मिली।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं विभिन्न पुलिस थानों में प्राप्त गुम मोबाइल संबंधी आवेदनों पर CEIR पोर्टल के माध्यम से साइबर सेल एवं थाना स्तर पर गठित साइबर हेल्प डेस्क द्वारा लगातार कार्रवाई की गई।
साइबर सेल द्वारा रिकवर किए गए मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के 8 हजार रुपये से लेकर 65 हजार रुपये तक कीमत वाले मोबाइल फोन शामिल हैं। इन मोबाइलों को केवल नीमच जिले से ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों सहित हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली एवं उत्तरप्रदेश से भी सर्च कर रिकवर किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा साइबर सेल सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि थानों में गठित साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से CEIR पोर्टल पर दर्ज गुम मोबाइलों को लगातार सर्च कर रिकवर कराया जाए और उन्हें उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाया जाए।
CEIR पोर्टल से मिली मदद
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नागरिकों के मोबाइल फोन किसी न किसी कारण से गुम अथवा गिर गए थे। ऐसे मोबाइल धारकों द्वारा साइबर सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं संबंधित थानों की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों के आधार पर दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों की तकनीकी जानकारी के आधार पर सर्चिंग एवं रिकवरी की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रभारी साइबर सेल प्रआर प्रदीप शिंदे सहित साइबर सेल एवं थाना स्तर पर गठित साइबर हेल्प डेस्क के कर्मचारियों ने गुम मोबाइलों की तलाश एवं रिकवरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सराहनीय योगदान
गुम मोबाइलों को रिकवर कर उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाने में साइबर सेल नीमच एवं जिले के विभिन्न पुलिस थानों में गठित साइबर हेल्प डेस्क के कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
नीमच पुलिस की आमजन से अपील
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बाजार, सार्वजनिक स्थानों, व्यस्ततम क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल फोन को सावधानीपूर्वक सुरक्षित रखें। यदि मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल CEIR पोर्टल, नजदीकी पुलिस थाने की साइबर हेल्प डेस्क अथवा साइबर सेल नीमच में शिकायत दर्ज कराएं।
जिला ब्यूरो
ललित सिंह चुंडावत, नीमच ✍️

