गरियाबंद से बड़ी खबर: लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति के प्रबंधकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में जिलेभर से पहुंचे प्रबंधक मैदान में धरने पर बैठ गए हैं, जिससे वनोपज से जुड़ी व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगी हैं।
प्रदर्शन कर रहे प्रबंधकों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। बार-बार शासन और संबंधित विभाग को ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते अब उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।
पांच सूत्रीय प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
मानदेय में वृद्धि एवं नियमितीकरण
सेवा शर्तों का स्पष्ट निर्धारण
कार्य के अनुरूप सुविधाएं और सुरक्षा मृत्यु उपरांत आश्रित परिवार के एक सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति
समिति प्रबंधकों की सेवा नियुक्ति एवं मृत्यु हो जाने पर जीवन निर्वाह हेतु एकमुश्त उपादान राशि प्रदान की जावे
धरना स्थल पर प्रबंधकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस हड़ताल का असर लघु वनोपज संग्रहण और खरीदी कार्य पर पड़ सकता है, जिससे ग्रामीण और वन आश्रित परिवारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार जल्द ही अधिकारियों और प्रबंधकों के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद







