युवा शक्ति को विकास की धारा से जोड़ने पर जोर, संवाद–परिचर्चा और प्रश्नोत्तर के जरिए युवाओं ने रखे विचार
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें नए अवसरों और योजनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का गरियाबंद स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, कलेक्टर रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप, भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सुरेंद्र सोनटेके, मंडल अध्यक्ष सुमीत पारख, अमित बखरिया सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

युवा शक्ति बनी कार्यक्रम की पहचान
कार्यक्रम में भारी संख्या में युवा शक्ति की उपस्थिति रही। युवाओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। संवाद एवं परिचर्चा के दौरान युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, युवा कल्याण और प्रदेश के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को ‘विकसित भारत विजन 2047’ से जोड़ते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी सक्रिय और रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की युवा कल्याणकारी योजनाओं, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ तथा विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

संवाद से संकल्प तक—युवाओं को नई दिशा
‘युवा उड़ान 2026’ के मंच से युवाओं के साथ सीधे संवाद, परिचर्चा, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव सत्र आयोजित किए गए। वक्ताओं ने युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत बताते हुए उन्हें उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उमड़ी युवा शक्ति ने आयोजन को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। ‘युवा उड़ान 2026’ गरियाबंद में युवा संवाद, युवा सहभागिता और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प का प्रभावी मंच बनकर सामने आया।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







