“कांग्रेस ने दशकों तक पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा की, भाजपा ने दिया संवैधानिक सम्मान” – चंदूलाल साहू
गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा, जिला गरियाबंद द्वारा गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यकारिणी परिचयात्मक एवं मिलन समारोह संगठनात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और पिछड़ा वर्ग के सशक्तिकरण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही वह राजनीतिक दल है जिसने पिछड़ा वर्ग को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि सम्मान, अधिकार और नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा कर उसके अधिकारों की अनदेखी की, जबकि भाजपा ने सामाजिक न्याय को व्यवहार में उतारते हुए ओबीसी समाज को मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाया।
उन्होंने 1931 की जातिगत जनगणना से लेकर स्वतंत्रता के बाद तक पिछड़ा वर्ग के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2017 में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिससे ओबीसी समाज के अधिकारों को नई मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण सहित अनेक अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जो भाजपा की सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
चंदूलाल साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा “सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी” है, जहां किसी व्यक्ति का मूल्य उसके पद से नहीं, बल्कि उसके समर्पण और कार्य से तय होता है। इसी सोच के तहत पार्टी ने विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों का गठन किया है, जिनमें ओबीसी मोर्चा संगठन की रीढ़ के रूप में कार्य कर रहा है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रामकुमार साहू ने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद नवगठित जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक में कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति यह सिद्ध करती है कि संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण पहले से अधिक मजबूत हुआ है।
वरिष्ठ भाजपा नेता मुरलीधर सिन्हा ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और इस शक्ति को गांव-गांव तक पहुंचाने में ओबीसी मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सातों मोर्चों में ओबीसी मोर्चा का विशेष स्थान है।
पूर्व राजिम विधायक संतोष उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक भूमिका निभाई है, जिसमें ओबीसी समाज और मोर्चा के कार्यकर्ताओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष शोभाचंद्र पात्र ने स्वागत उद्बोधन एवं आभार व्यक्त करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देने का आग्रह किया। जिला प्रभारी लक्ष्मण गौतम ने भी संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रामकुमार साहू, प्रदेश सहसंयोजक (सहकारिता प्रकोष्ठ) मुरलीधर सिन्हा, प्रदेश मंत्री नरोत्तम साहू, जिला प्रभारी लक्ष्मण गौतम, खूबचंद साहू, जिला अध्यक्ष शोभाचंद्र पात्र, महामंत्री थान सिंह निषाद एवं जयराम साहू, बिंद्रानवागढ़ मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा सहित जिले के सभी मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल परिचयात्मक बैठक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संगठनात्मक एकता, सामाजिक न्याय, पिछड़ा वर्ग के सम्मान और भाजपा की सर्वसमावेशी विचारधारा के प्रति कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का प्रभावशाली प्रदर्शन बनकर उभरा।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







