गरियाबंद। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरपंचों और कोटवारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर अवैध प्रवासियों की पहचान एवं किरायेदारों के अनिवार्य सत्यापन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गांव और शहरों में बाहर से आकर मजदूरी, रोजगार अथवा अन्य कार्यों के लिए रहने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति की जानकारी तत्काल संबंधित थाने तक पहुंचाई जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं हैं, तो उसकी सूचना बिना विलंब पुलिस को दी जाए। अधिकारियों ने कहा कि कोटवार और सरपंच ग्राम स्तर पर पुलिस की आंख और कान बनकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेंगे।
किरायेदार सत्यापन अब होगा अनिवार्य
गरियाबंद पुलिस ने मकान मालिकों से भी विशेष अपील करते हुए कहा कि बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान न दें। बाहरी व्यक्तियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान गतिविधियों की जानकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन किरायेदार सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी कर बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जनसहभागिता से बनेगा सुरक्षित गरियाबंद
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाया जा रहा यह अभियान केवल पुलिस का नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक सुरक्षा का अभियान है। गरियाबंद पुलिस ने जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, मकान मालिकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अज्ञात व्यक्ति अथवा संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें।
गरियाबंद पुलिस का यह विशेष अभियान जिले को अपराधमुक्त, सुरक्षित और सतर्क बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिसमें प्रशासन और जनता की साझी भागीदारी सुरक्षा की मजबूत नींव साबित होगी।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद







