
गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवशाली रहा। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद जिले के चार उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिष्ठित “पुलिस पत्रिका जज़्बा अवार्ड-2026″ से सम्मानित किया। इस सम्मान ने पूरे जिले के पुलिस महकमे का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।
समारोह में प्रदेशभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले मात्र 42 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का चयन किया गया था, जिनमें गरियाबंद जिले के चार पुलिसकर्मियों का चयन होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मान का केंद्र बने निरीक्षक अमृत लाल साहू एवं उप निरीक्षक संजय सिंह क्षत्रिय
इस सम्मान समारोह में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहे राजिम थाना प्रभारी निरीक्षक अमृत लाल साहू, जिन्हें अपराधों के सफल खुलासे, प्रभावी कानून-व्यवस्था और जन-पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के हाथों ‘जज़्बा अवार्ड-2026’ से नवाजा गया। उनके नेतृत्व में राजिम थाना लगातार उत्कृष्ट पुलिसिंग का उदाहरण बनकर उभरा है।
वहीं उप निरीक्षक संजय सिंह क्षत्रिय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय गरियाबंद को प्रशासनिक दक्षता, विभागीय कार्यों के कुशल संचालन तथा अनुकरणीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान का पात्र बनाया।
इन पुलिस कर्मियों को भी मिला सम्मान
निरीक्षक अमृत लाल साहू, थाना प्रभारी राजिम – अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं जन-पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य।
उप निरीक्षक संजय सिंह क्षत्रिय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय गरियाबंद – प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों में उल्लेखनीय योगदान।
प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर, थाना देवभोग – अपराध विवेचना एवं मैदानी पुलिसिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन।
आरक्षक अशोक मिंज, पुलिस अधीक्षक कार्यालय गरियाबंद – कार्यालयीन कार्यों में निष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवा।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने दी शुभकामनाएं
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने सम्मानित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल चार पुलिसकर्मियों का नहीं, बल्कि पूरे गरियाबंद पुलिस परिवार की मेहनत, ईमानदारी और जनता के प्रति समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों प्राप्त यह गौरव जिले के प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा तथा भविष्य में भी गरियाबंद पुलिस पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ आमजन की सुरक्षा एवं न्याय के लिए समर्पित रहेगी।
मुख्यमंत्री के हाथों मिला यह सम्मान गरियाबंद पुलिस के लिए गर्व का प्रतीक बन गया है। विशेष रूप से निरीक्षक अमृत लाल साहू एवं उप निरीक्षक संजय सिंह क्षत्रिय की उपलब्धि ने जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है और उनकी यह सफलता पुलिस सेवा में उत्कृष्टता, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद
