गरियाबंद में आज महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने का अनोखा संदेश देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से आईं करीब 30 महिला बाइकर्स की मोटो क्वींस एडवेंचर टीम जागरूकता अभियान के तहत गरियाबंद पहुंची। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। यह टीम महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश लेकर पूरे प्रदेश में यात्रा कर रही है।
रायपुर से राजिम होते हुए गरियाबंद पहुंची महिला बाइकर्स की इस टीम में गृहिणियां, छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिकाएं, आईटी प्रोफेशनल और व्यवसायी शामिल हैं। लंबी दूरी की बाइक यात्रा कर ये महिलाएं यह संदेश दे रही हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और हर चुनौती का डटकर सामना कर सकती हैं। टीम का उद्देश्य केवल एडवेंचर नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और अनुशासन का संदेश देना है।

गरियाबंद पहुंचने के बाद टीम उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व और ओड़ क्षेत्र का भ्रमण करेगी। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर एसडीओपी निशा सिन्हा मौजूद रहे।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







