रायपुर। गणेशोत्सव एवं आगामी झांकी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में पुलिस ने सप्ताहभर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों, बदमाशों, चाकूबाजों, नशे के कारोबारियों और अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 181 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।WhatsApp Image 2026 09 21 at 18.00.52 2

पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र श्री रॉबिनसन गुड़िया (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम क्षेत्र के निर्देशन में पश्चिम क्षेत्र के सभी नौ थाना क्षेत्रों में अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 13 चाकूबाजों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चाकू जब्त किए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामलों में छह आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 210 नग नशीली टेबलेट्स, 77 नग नशीले सिरप और 15.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के 18 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 51.16 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।

पुलिस ने लंबित वारंटों की तामिली पर भी विशेष ध्यान दिया। अभियान के दौरान 7 स्थायी वारंट और 33 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 104 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 57 गुंडा-बदमाशों और 39 निगरानी बदमाशों की चेकिंग भी की गई।

थाना स्तर पर भी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रही। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के साथ चाकू और नशीली टेबलेट बरामद कीं। टिकरापारा पुलिस ने वारंट तामिली के साथ आबकारी एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में कार्रवाई की। मुजगहन पुलिस ने गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के साथ 15.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया। पुरानी बस्ती, डीडी नगर और आमानाका थाना पुलिस ने भी वारंट तामिली, आबकारी, आर्म्स एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में सक्रियता दिखाई।

इसी क्रम में आजाद चौक पुलिस ने नशीली टेबलेट्स जब्त करने के साथ आबकारी एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। सरस्वती नगर पुलिस ने 77 नग नशीले सिरप बरामद किए, जबकि कबीर नगर पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पश्चिम क्षेत्र पुलिस द्वारा गणेशोत्सव एवं आगामी झांकी कार्यक्रम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों, झांकी स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी एवं चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने पूर्व से चिन्हित गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए चाकूबाजी, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version