शहडोल मध्यप्रदेश

गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व
===
लोक संस्कृति पर आधारित बुन्देली लोक गायन एवं ढिमरयाई नृत्य ने बिखेरें लोक रंग
===
शहडोल = गणतंत्र दिवस की संध्या बेला पर लोक तंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन राजेन्द्र टॉकीज परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल ने मॉ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरूआत अशोकनगर से आए श्री संजीव कुमार के दल ने कबीर भजन से की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न अवसरों पर मांगलिक कार्याें में गाए जाने वाले पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी। कटनी से आए दल ने दल नायक एमआरबी नायडू के नेतृत्व में मां नर्मदा के पूजन में गाए जाने वाले गीत नर्मदा मईया हो…,बह रही नर्मदा मईया की पवित्र धार तथा लोक संस्कृति से जुड़े अन्य गीतों एवं लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। लय और ताल से कलाकारों ने समा बांध दिया। उपस्थित श्रोतागणों द्वारा प्रस्तुति की सराहना की गई। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार श्री संतोष चौधरी द्वारा भी देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति को उपस्थित जन समूह द्वारा सराहा गया। भारत पर्व कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
भारत पर्व कार्यक्रम में भाग लेने आए दलों के सदस्यों का मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अमृता गर्ग, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिंहा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुद्रिका सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी फूलसिंह मारपाची, एपीसी अरविंद पाण्डेय द्वारा शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पाण्डेय ने किया। आभार प्रदर्शन डीपीसी अमरनाथ सिंह ने किया। कार्यक्रम में मीडिया के प्रतिनिधि, शहडोल नगर के लोक संस्कृति एवं कला प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर कार्यक्रम का आनन्द उठाया।

अजय पाल

Leave A Reply

Exit mobile version