धमतरी।
धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बाजार कुर्रीडीह में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले एक वर्ष से मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बीते 8 जुलाई की शाम शंकर सूर्यवंशी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर आया था। रात में भोजन करने के बाद सभी लोग एक ही हॉल में सोए हुए थे। इसी दौरान तड़के करीब 3:00 बजे पूर्णिमा के पति योगेंद्र सोरी ने तैश में आकर सो रहे शंकर सूर्यवंशी के गले पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) धमतरी के कुशल निर्देशन में केरेगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति योगेंद्र सोरी (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जुर्म कुबूलने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
