लोकेसन कटनी
खिलौनों का ऑनलाइन ऑर्डर बना धोखे का सौदा! 56 हजार रुपये यूपीआई से भेजे, 27 दिन बाद भी माल नहीं पहुंचा कटनी के व्यापारी ने मुंबई के दो लोगों पर आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप लगाकर एसपी से की शिकायत, रकम वापस दिलाने और कार्रवाई की मांग
कटनी। खिलौनों के व्यवसाय से जुड़े कटनी निवासी एक व्यापारी ने ऑनलाइन खिलौनों का ऑर्डर देने के बाद कथित तौर पर आर्थिक धोखाधड़ी होने की शिकायत पुलिस अधीक्षक कटनी से की है। पीड़ित व्यापारी अजय मेघवानी निवासी नई बस्ती, निरंकारी कॉलोनी कटनी ने शिकायत में मुंबई निवासी दो लोगों पर आरोप लगाते हुए मामले में कानूनी कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, अजय मेघवानी पिछले करीब 30 वर्षों से कटनी एवं आसपास के क्षेत्रों में खिलौनों का व्यवसाय कर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर 2026 को उन्होंने मुंबई स्थित प्रदीप ट्वाय हब से फोन के माध्यम से खिलौनों का ऑर्डर बुक किया था।
माल गाड़ी में लोड हो रहा है’ कहकर मांगी रकम
पीड़ित का आरोप है कि ऑर्डर बुक करने के बाद जब उन्होंने माल कटनी पहुंचने के संबंध में जानकारी मांगी, तो सामने से बताया गया कि माल वाहन में लोड हो रहा है और उसकी कीमत ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से भेज दें। इसके बाद उन्हें एक क्यूआर कोड भेजा गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने विश्वास में आकर यूपीआई के माध्यम से 20 हजार रुपये की दो किश्तें और 16 हजार रुपये की एक किश्त, यानी कुल 56 हजार रुपये संबंधित खाते में ट्रांसफर कर दिए।
27 दिन बाद भी नहीं पहुंचा माल
शिकायतकर्ता का कहना है कि भुगतान किए जाने के बाद भी करीब 27 दिन बीत गए, लेकिन खिलौनों का माल कटनी नहीं पहुंचा। जब उन्होंने संबंधित लोगों से फोन और व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया तो कथित तौर पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और फोन भी रिसीव नहीं किया गया।
इसके बाद व्यापारी को अपने साथ कथित आर्थिक धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। शिकायत में उन्होंने ऑनलाइन बातचीत, व्हाट्सऐप मैसेज, स्क्रीनशॉट और अन्य संबंधित दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस अधीक्षक कटनी से पूरे मामले की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने तथा कथित रूप से ट्रांसफर की गई 56 हजार रुपये की राशि वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि करीब 30 वर्षों के व्यवसायिक जीवन में उनके साथ इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
✍️*पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट*





![[13:12, 11/10/2026] +91 88176 18595: पंजीयन के अंतिम दिन गांवों में पहुंचे जनप्रतिनिधि, धान पंजीयन की समस्याएं कराईं दूर, WhatsApp Image 2026 10 11 at 13.13.17 1](https://policewala.org.in/wp-content/uploads/2026/10/WhatsApp-Image-2026-10-11-at-13.13.17-1-450x562.jpeg)

