रायपुर, 03 अक्टूबर 2026। केंद्रीय जेल रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर बैरकों की सघन तलाशी ली। डीसीपी क्राइम आईपीएस स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल एवं एडीएम उमाशंकर बाँधे के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले अभियान में करीब 50 जवान, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
अभियान के दौरान जेल परिसर, विभिन्न बैरकों, कैदियों एवं उनके सामान की बारीकी से जांच की गई। महिला बैरक के लिए पृथक टीम गठित कर विशेष तलाशी ली गई। निगरानी की जिम्मेदारी अतिरिक्त डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी एसीसीयू गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा एवं प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने संभाली।
तलाशी के दौरान कोई विशेष आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में सतर्कता और निगरानी लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
