डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडोरी। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि एवं कृषि विकास विभाग द्वारा किसानों को उन्नत खेती से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में डिंडोरी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में तिलहन एवं मोटे अनाज के कृषकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम तिलहन मिशन एवं ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत आयोजित हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को तिलहन एवं मोटे अनाज के उन्नत उत्पादन, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही बदलते बाजार परिदृश्य, विपणन की चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं तकनीकी सहायकों ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान किसानों ने अपने सवाल रखे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में कृषक श्री जोगीराम सरोते ने कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की, ताकि किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती रहे और उनकी आय में वृद्धि हो सके।







