कुआं से पड़वार मार्ग दे रहा दुर्घटनाओं को आमंत्रण, 400 मीटर का रास्ता स्कूली बच्चों के लिए बना आफत

 

कटनी

बहोरीबंद। ग्राम कुआं से पड़वार को जोड़ने वाले मार्ग पर करीब 400 मीटर का हिस्सा इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क की खराब स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है, वहीं इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए यह रास्ता किसी आफत से कम नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

 

मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, उबड़-खाबड़ सतह और खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। कई बार सामने से वाहन आने पर सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

 

बारिश में और बिगड़ जाती है स्थिति

 

बारिश के मौसम में इस 400 मीटर के हिस्से की समस्या और बढ़ जाती है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। कीचड़ के कारण रास्ता फिसलन भरा हो जाता है। ऐसे में पैदल चलने वाले ग्रामीणों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

 

स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

 

इस मार्ग का उपयोग प्रतिदिन स्कूली बच्चे भी करते हैं। सुबह और दोपहर के समय बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है। सड़क के खराब हिस्से से गुजरते समय बच्चों को वाहनों से बचते हुए निकलना पड़ता है। बारिश के दौरान कीचड़ और पानी के कारण बच्चों के कपड़े खराब होने के साथ-साथ उनके फिसलने का खतरा भी बना रहता है।

अभिभावकों का कहना है   कि बच्चों को स्कूल भेजते समय हमेशा चिंता बनी रहती है ।उनका कहना है कि स्कूल जाने वाला मार्ग सुरक्षित और सुगम होना चाहिए, लेकिन यहां करीब 400 मीटर का हिस्सा लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है

 

हादसे का इंतजार कर रहा लोक निर्माण विभाग

 

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति देखकर ऐसा लगता है जैसे जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो। यदि मार्ग की समय रहते मरम्मत करा दी जाए तो राहगीरों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर सड़क की मरम्मत करने की मांग की है

 

ग्रामीणों ने उठाई सड़क सुधार की मांग

 

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है की कुआं से पड़वार मार्ग के खराब 400 मीटर हिस्से की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए। सड़क के गड्ढों को भरने के साथ मार्ग को समतल कर आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को परेशानी से राहत मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि बच्चों की शिक्षा और ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी सुविधा है ।इसलिए प्रशासन को इस समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए ।

 

पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version