स्कूल जाने वाले बच्चों समेत ग्रामीण परेशान, दुर्घटनाओं की बनी रहती है आशंका

कटनी

बहोरीबंद। कुआं से पड़वार जाने वाले मार्ग पर करीब 400 मीटर सड़क इन दिनों कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई है। बारिश के चलते सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है।

सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं दोपहिया वाहनों से आने-जाने वाले ग्रामीणों को भी काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। सड़क पर फिसलन होने के कारण वाहन अनियंत्रित होने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी

सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चे इस मार्ग से गुजरते हैं। कीचड़ के कारण कई बार उनके कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी बदतर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को मजबूरी में जोखिम उठाकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।

दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी मुश्किल

कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन सड़क पर फिसलने का खतरा बना रहता है। खासकर सुबह और शाम के समय जब ग्रामीणों की आवाजाही अधिक रहती है, तब दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

ग्रामीणों ने की सड़क सुधार की मांग

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से कुआं-पड़वार मार्ग के खराब हिस्से की मरम्मत कराने की मांग की है उनका कहना है कि कम से कम फिलहाल सड़क पर गिट्टी, मुरम अथवा अन्य उपयुक्त सामग्री डालकर आवागमन सुगम कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी ना हो।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर निरीक्षण कर स्थाई समाधान कराने की मांग की है।

पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version