उत्तर बस्तर कांकेर। जिले के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हिदूर के जंगल और पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 3 नग टिफिन आईईडी (IED) बरामद किए हैं, जिनका वजन लगभग 3-3 किलोग्राम था। बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही इन सभी आईईडी को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया, जिससे एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

यह पूरी कार्यवाही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सटीक रणनीतिक निर्देशन में संपन्न हुई। इस अभियान को बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री सुन्दरराज पी. (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा बीएसएफ भानुप्रतापपुर के डीआईजी श्री दीपक तिवारी, कांकेर के पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा और 83वीं वाहिनी बीएसएफ पखांजूर के सेनानी श्री अरूण सिंह गंगवार के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। जिला पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में टीम कमांडर अमित कुमार (एसी, बीएसएफ 83वीं वाहिनी), अरुण कुमार गौतम (बीएसएफ 83वीं वाहिनी) और मनोज कुमार (प्रधान आरक्षक व बीडीएस टीम कमांडर, सेक्टर भानुप्रतापपुर) की मुख्य भूमिका रही। कांकेर पुलिस और सुरक्षा बलों की इस निरंतर और प्रभावी कार्यवाही से नक्सली गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण स्थापित हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों का यह संयुक्त सर्चिंग अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version