उत्तर बस्तर कांकेर के श्री नरहरदेव स्कूल में पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में “साइबर जागृति कार्यक्रम” तथा “यातायात की पाठशाला” का एक दिवसीय आयोजन किया गया। यातायात प्रभारी श्री दीपक साव और उनकी टीम के नेतृत्व में आयोजित इस सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को डिजिटल दुनिया के खतरों और सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना था।
सत्र के दौरान अधिकारियों ने केस स्टडी और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से विद्यार्थियों को सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेमिंग ठगी, साइबर बुलिंग और स्टॉकिंग से सतर्क रहने की सलाह दी। बच्चों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी, पासवर्ड या बैंक विवरण साझा न करने की हिदायत दी गई। साथ ही, किसी भी अप्रिय स्थिति में बिना डरे तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचित करने का भरोसा दिलाया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रोजेक्टर के जरिए यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, सिग्नल पालन तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने जैसे बिंदुओं पर विशेष बल दिया गया। पुलिस टीम ने शासन की ‘राहवीर योजना’ का प्रचार करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने वाले मददगार नागरिक को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि से पुरस्कृत किया जाता है। कांकेर पुलिस ने आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर संपर्क करने और सुरक्षित समाज के निर्माण में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

