कांकेर
उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सेंधमारी और चोरी के मामले का महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की स्कूटी सहित किराना दुकान का सारा सामान बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य कई मामलों के खुलने की भी पूरी संभावना है।
यह मामला 13 जुलाई 2026 का है, जब प्रार्थी राजा ठाकुर ने कांकेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने रात के वक्त उनकी किराना दुकान का शटर तोड़कर भारी मात्रा में गुटखा, सिगरेट और दुकान के सामने खड़ी स्कूटी चोरी कर ली है। शिकायत पर कांकेर पुलिस ने अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और माल बरामदगी के कड़े निर्देश दिए।
उनके निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना कांकेर की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आधुनिक साइबर तकनीक, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तकनीकी प्रोफाइलिंग करते हुए संदेही सुखराम मंडावी (19 वर्ष, निवासी नहरपारा, कोण्डागांव) को चिन्हित कर हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य सामने रखे, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में स्वीकार किया कि उसने चोरी की नीयत से प्रार्थी के घर की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी और लोहे की रॉड से दुकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। उसने दुकान से भारी मात्रा में राजश्री, राजनिवास व आशिकी गुटखा, गोल्ड फ्लेक सिगरेट, रिफाइंड तेल और दुकान के भीतर रखी चाबी से स्कूटी (क्रमांक CG 19 BT 5261) चुराकर जंगल में छिपा दी थी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस त्वरित और प्रभावी कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री दिनेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निरीक्षक यशवंत श्याम, जितेन्द्र साहू, सउनि सामेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक जितेश्वर, आरक्षक कुलदीप, शक्ति सिंह, राकेश बघेल, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, ईश्वर साहू तथा साइबर सेल से सउनि भकेष पटेल, पुरुषोत्तम कतलाम और प्रधान आरक्षक सचिन सोरी की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ – पुलिसवाला न्यूज़







