डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
कल विराजेंगे बप्पा, प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार
शहपुरा में गणेश प्रतिमाओं की बढ़ी मांग, गांव-गांव सजने लगे पंडाल; बाजार में बढ़ी चहल-पहल
शहपुरा। गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर नगर सहित ग्रामीण अंचलों में उत्साह का माहौल है। सोमवार को शुभ मुहूर्त में घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ गणेशोत्सव का शुभारंभ होगा। इससे पहले रविवार को तैयारियों को अंतिम रूप देने का सिलसिला जारी रहा। कहीं मूर्तिकार गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक स्वरूप देने में जुटे रहे तो कहीं युवा पंडालों की साज-सज्जा में व्यस्त नजर आए।
गणेशोत्सव को लेकर शहपुरा का बाजार भी गुलजार हो गया है। नगर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। रविवार को आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में गणेश उत्सव समितियों के सदस्य और श्रद्धालु प्रतिमाएं खरीदने शहपुरा पहुंचे। इसके चलते प्रतिमा विक्रय स्थलों और बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
छोटे से लेकर विशाल स्वरूप में सजे बप्पा
मूर्तिकारों ने इस बार भी भगवान श्री गणेश की छोटे-बड़े आकार और अलग-अलग स्वरूपों वाली आकर्षक प्रतिमाएं तैयार की हैं। स्थापना से एक दिन पहले मूर्तिकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। रंग-रोगन, मुकुट, आभूषण और अन्य सजावट के जरिए प्रतिमाओं को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। वहीं गणेश उत्सव समितियां अपनी पसंद और पंडाल के अनुरूप प्रतिमाओं की खरीदारी कर रही हैं।
गांव-गांव सजने लगे गणेश पंडाल
ग्रामीण अंचलों में भी गणेशोत्सव का उत्साह दिखाई देने लगा है। विभिन्न गांवों में गणेश उत्सव समितियों द्वारा पंडाल तैयार कर उन्हें आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। विशेषकर युवा वर्ग में पर्व को लेकर खासा उत्साह है। पंडालों में प्रकाश व्यवस्था, सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सोमवार को प्रतिमा स्थापना के बाद पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
गणेश चतुर्थी के साथ हरतालिका तीज की भी रौनक
इस बार गणेश चतुर्थी के साथ हरतालिका तीज का पर्व भी होने से बाजार की रौनक और बढ़ गई है। गणेश प्रतिमाओं के साथ पूजा सामग्री, फूल-माला, सजावटी सामान और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ी है। हरतालिका तीज को लेकर महिलाएं भी पूजा की तैयारियों में जुटी हुई हैं।
सोमवार को शुभ मुहूर्त में घरों और सार्वजनिक पंडालों में विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही शहपुरा नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच गणेशोत्सव की धूम शुरू हो जाएगी।







