कलेक्टर श्री उइके ने जल जीवन मिशन अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश
अपूर्ण कार्य को समय पर पूर्ण करने के निर्देश
गरियाबंद, 24 जून 2026/ कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष श्री बीएस उइके ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जल जीवन मिशन अंतर्गत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले में क्रियान्वित एकल व समूह नल जल योजनाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने तथा समय पर पानी टंकी, नल कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन आदि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री विप्लव घृतलहरे उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री उइके ने सभी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग एवं क्रेडा के अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने ठेकेदारों को अपूर्ण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराकर निर्धारित दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री उइके ने कहा कि राज्य व केन्द्र सरकार की यह महत्वपूर्ण योजना है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही व कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तेजी से कार्य करने की जरूरत है, इसके लिए निर्माणाधीन कार्यों को समय पर पूरा करें। इस योजना के तहत हर घर में साफ पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्य को तेज गति देने के लिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।
जिले में हर घर जल प्रमाणीकरण करने एवं पूर्ण हो चुके नल जल योजना के कार्यों को ग्राम पंचायत में हस्तांतरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मिशन से जुड़े सभी उपयंत्रियों को टीम बनाकर अब तक हुए कार्यों का ग्रामवार अद्यतन भौतिक स्थिति का अवलोकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधूरे पानी टंकी निर्माण कार्य प्रारंभ कराए जाएं। जो ठेकेदार कार्य में कोताही बरत रहे हैं, उन्हें ब्लैकलिस्टेड करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभागीय अधिकारियों सहित समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
*रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद*







