सुशासन तिहार

 

कलेक्टर ने वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण पर दिया जोर

 

जिले में 01 मई से 10 जून तक 24 जनसमस्या निवारण शिविरों का होगा आयोजन

 

मुंगेली, 21 अप्रैल 2026//  कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 अप्रैल तक लंबित सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सेवाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य वंचित वर्ग तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि 30 अप्रैल 2026 तक संतृप्तिकरण शिविर तथा 01 मई से 10 जून 2026 तक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक 15-20 ग्राम पंचायतों के समूह में शिविर लगाए जाएंगे, वहीं नगरीय क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित होंगे। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में 15 एवं शहरी क्षेत्रों में 09 शिविर सहित कुल 24 शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा जिले में विकास कार्यों एवं योजनाओं का औचक निरीक्षण कर लाभार्थियों से फीडबैक लिया जाएगा। शिविरों के सफल संचालन हेतु क्लस्टर स्तर पर समितियों का गठन कर अधिकारियों-कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने हितग्राहीमूलक योजनाओं, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, पेंशन प्रकरणों के निराकरण में प्राथमिकता देने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। ओडीएफ प्लस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भी विशेष प्रयास करने को कहा गया। कलेक्टर ने सुशासन तिहार की चरणबद्ध कार्ययोजना, आवेदन प्रारूप, डेटा प्रविष्टि एवं अभिलेख संधारण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विकासखण्डवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने हीट वेव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन कर लक्षित उपलब्धि हासिल करने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु इंजीनियरों को समय पर मूल्यांकन एवं सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत स्तर पर सचिव एवं सरपंच की बैठक लेकर मनरेगा के कार्यों को स्वीकृत करने, जल संचयन जनभागीदारी के तहत संरचनाओं के निर्माण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने एमबीयू एवं नवीन आधार पंजीयन, महतारी वंदन योजना अंतर्गत ईकेवायसी की प्रगति की जानकारी ली और बेहतर प्रगति के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों, विशेषकर नक्शा बटांकन में प्रगति लाने, लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत सेवाएं समयबद्ध उपलब्ध कराने तथा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, एसडीएम लोरमी श्री अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

राज शेखर यादव

ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली

Leave A Reply

Exit mobile version