कटनी (03 जुलाई) – जनसुनवाई एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन ने एक बार फिर संवेदनशील और प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया। स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम निमास में पिछले छह माह से जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर बड़ी राहत मिली है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जल निकासी में बाधा बन रहे अवरोध को हटाया और सीमेंट पाइप डाल कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी।

गौरतलब है कि 16 जून को हुई जनसुनवाई में ग्राम निमास के सुखलाल मेहरा सहित वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी से शिकायत की थी कि गांव के कुछ लोगों द्वारा जल निकासी मार्ग अवरुद्ध कर दिए जाने से पिछले लगभग छह माह से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गंदा पानी जमा रहने के कारण निचली बस्ती के रहवासियों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को प्रतिदिन आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था तथा संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई थी।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने तत्काल स्लीमनाबाद तहसीलदार को स्थल निरीक्षण कर शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के पालन में शुक्रवार को तहसीलदार श्री आकाशदीप नामदेव पुलिस बल के साथ ग्राम निमास पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों की उपस्थिति में पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और जल निकासी में बाधक बन रही मेढ़ को हटवाकर आवश्यक स्थान पर सीमेंट पाइप डलवाए, जिससे पानी की निकासी पुनः सुचारू हो गई।

कार्रवाई के बाद वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 में लंबे समय से जमा पानी निकलना शुरू हो गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनसुनवाई में रखी गई समस्या का समयबद्ध समाधान होने से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Comments are closed.

Exit mobile version