*कमल पुष्पों से सजे पिपलेश्वर महादेव, हुआ भव्य अर्चन* 

गोटेगांव स्थित शिक्षक कॉलोनी में  तीन वर्ष में एक बार आने वाले पुण्यदायी पुरुषोत्तम मास एवं सोमवती अमावस्या के दुर्लभ संयोग पर प्राचीन पिपलेश्वर महादेव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव का कमल पुष्पों से भव्य अर्चन एवं पूजन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पुरुषोत्तम मास स्वयं भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है, वहीं सोमवार भगवान शिव का प्रिय दिवस है। ऐसे में पुरुषोत्तम मास में सोमवती अमावस्या का संयोग अत्यंत दुर्लभ और विशेष फलदायी माना जाता है। इस शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

मंदिर परिसर में पंडित सार्थक शुक्ला द्वारा कमल पुष्पों से भगवान पिपलेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। कमल के फूलों से सुसज्जित शिवलिंग का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। पूजा-अर्चना के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव भजनों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आयोजन में महिलाओं के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों द्वारा धार्मिक अनुष्ठानों में रुचि और सहभागिता ने भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।

श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार, समाज एवं राष्ट्र के कल्याण, सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि ऐसे दुर्लभ धार्मिक संयोगों पर सामूहिक पूजा-अर्चना से आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता दोनों को बल मिलता है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुमन शुक्ला ज्योति पटेल द्रौपदी पटेल सुधा पटेल मंजू नेमा रेखा पटेल रानू पटेल स्नेहलता श्रीवास्तव दिव्या पटेल लक्ष्मी सोनी गुंजन चौहान अनीता अग्रवाल उपस्थित रही l

Leave A Reply

Exit mobile version