स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की घोषणा, दो साल बाद मनेंद्रगढ़ में स्थापित होगा एआरटी सेंटर; शहर विकास के लिए 2 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन, नगर पालिका को मिलेंगे दो बायो टॉयलेट
एमसीबी,मनेंद्रगढ़। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर मनेंद्रगढ़ के आमा खेरवा खेल मैदान में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के 12 जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग की छात्राएं और मितानिन बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान एचआईवी संक्रमण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आज का दिन मनेंद्रगढ़ के लिए विशेष खुशी का दिन है, क्योंकि एक ही अवसर पर शहर के विकास कार्यों का भूमिपूजन और विश्व एड्स दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने का विशेष कारण यह है कि एमसीबी और सरगुजा जिला एचआईवी संक्रमण के नियंत्रण की दिशा में छत्तीसगढ़ के पहले सुरक्षित जिलों के रूप में सामने आए हैं।यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से मितानिन बहनों के अथक प्रयासों के बिना संभव नहीं था।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 1980 के दशक से एचआईवी संक्रमण ने देश और दुनिया के सामने गंभीर चुनौती खड़ी की थी। छत्तीसगढ़ में भी इस संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मनेंद्रगढ़ में भी स्थापित होगा एआरटी सेंटर
स्वास्थ्य मंत्री ने मनेंद्रगढ़ के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि वर्तमान में एचआईवी जांच के लिए पहले अंबिकापुर जाना पड़ता था, लेकिन अब मनेंद्रगढ़ में भी लिंक जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। आने वाले दो वर्षों में निर्धारित मापदंडों को पूरा करने के बाद मनेंद्रगढ़ में एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) सेंटर की स्थापना की जाएगी। इससे क्षेत्र के एचआईवी संक्रमित मरीजों को उपचार की बेहतर सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के साथ एमसीबी जिला भी एचआईवी मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होगा।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए 95,95,95 प्रतिशत के तीन लक्ष्य निर्धारित किए गए थे। इसी लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले 12 जिलों के सीएमएचओ को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया जो इन लक्ष्यों के करीब है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जिले भी सुरक्षित जिलों की श्रेणी में शामिल होंगे।
शहर को विकास कार्यों की सौगात, दो बायो टॉयलेट देने की घोषणा
विश्व एड्स दिवस के राज्यस्तरीय आयोजन के साथ ही मनेंद्रगढ़ शहर के विकास को भी नई गति मिली। आमा खेरवा खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहर के विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसमें रापा खेरवा से आमा खेरवा मार्ग पर हंसिया नदी में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य भी शामिल है, जिसकी लागत 488.95 लाख रुपये बताई गई वही जिले में जागरूकता फैलाने दो एड्स जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर मुख्यतिथि ने रवाना किए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने मनेंद्रगढ़ नगर पालिका को दो नग बायो टॉयलेट प्रदान करने की घोषणा भी की। इससे शहर में स्वच्छता एवं सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
नर्सिंग छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता संदेश
कार्यक्रम में एचआईवी और एड्स के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नर्सिंग की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच और संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव नहीं करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, डीपीएम शिशिर जायसवाल, अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, सोमेंद्र मंडल, परिवहन अधिकारी सहित स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष, हसदेव मंडल अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, नर्सिंग की छात्राएं, मितानिन बहनें और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
विश्व एड्स दिवस का राज्यस्तरीय आयोजन मनेंद्रगढ़ के लिए दोहरी उपलब्धि लेकर आया। एक ओर एचआईवी संक्रमण के खिलाफ जिले की उपलब्धियों को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली, वहीं दूसरी ओर शहर को विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की नई सौगात भी मिली।
रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ

