डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा (डिंडौरी)। उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के प्राचार्य दिनेश कुमार श्रीवास्तव के विरुद्ध की गई शिकायत एक बार फिर जांच के दायरे में आ गई है। आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल ने मामले की पुनः जांच कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश कलेक्टर डिंडौरी को दिए हैं। इस संबंध में संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास, जबलपुर संभाग ने शिकायतकर्ता मनीष कुमार साहू को पत्र जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी है।

जारी पत्र के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा 24 जून 2026 को प्रस्तुत आवेदन कार्यालय को 7 जुलाई 2026 को प्राप्त हुआ। इसके बाद आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल के पत्र क्रमांक 12583 दिनांक 6 जुलाई 2026 के आधार पर जिला प्रशासन को शिकायत की दोबारा जांच कराने के निर्देश जारी किए गए।

पत्र में उल्लेख है कि शिकायत की जांच जिला डिंडौरी के किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा प्राचार्य स्तर के अधिकारी से कराई जाएगी, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित हो सके। संभागीय उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि उच्च कार्यालय से आवश्यक निर्देश जारी होने के बाद उनके कार्यालय स्तर पर फिलहाल कोई अन्य कार्रवाई शेष नहीं है।

गौरतलब है कि शिकायत में उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के प्राचार्य के कार्यों को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे। अब आयुक्त स्तर से पुनः जांच के आदेश जारी होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

इस पत्र के सामने आने के बाद अब जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच दल की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि जांच में शिकायत के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

Comments are closed.

Exit mobile version