ई-केवाईसी, खाद्यान्न वितरण और स्टॉक प्रबंधन सुधारने के निर्देश
खाद्य अधिकारी ने शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों की ली बैठक
मुंगेली, 30 अप्रैल 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में जिला खाद्य अधिकारी श्री पंकज सेतपाल ने जिले के शासकीय उचित मूल्य की दुकानों की बैठक ली। बैठक में दुकानों के संचालन, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था तथा ई-केवाईसी पूर्ण करने के संबंध में चर्चा की गई। खाद्य अधिकारी ने कहा कि सभी उचित मूल्य की दुकान संचालक निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी रूप से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही खाद्यान्न का समय पर वितरण, भंडारण और सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। ई-केवाईसी प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए कि सभी पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए। बताया गया कि आगामी 10 दिनों में ई-केवाईसी कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में वर्तमान तीन माह (अप्रैल, मई एवं जून 2026) के खाद्यान्न वितरण की समीक्षा भी की गई। वितरण के दौरान आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला खाद्य अधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा। साथ ही हितग्राहियों से अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान से समय पर खाद्यान्न प्राप्त करने एवं ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराने कहा गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली
