इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में पुलिस की बड़ी दबिश: 138 मकानों में सघन चेकिंग, एक चोरी की बाइक बरामद और किरायेदारों के सत्यापन की दी हिदायत
रायपुर। राजधानी के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में आज तड़के सुबह पुलिस ने एक बड़ा सघन चेकिंग और जनजागरूकता अभियान चलाया। यह पूरी कार्रवाई डीसीपी पश्चिम जोन श्री संदीप पटेल एवं अतिरिक्त डीसीपी श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से की गई। थाना दीनदयाल नगर अंतर्गत आने वाले ईडब्लूएस एवं एलाईजी क्वार्टर में भारी पुलिस बल के साथ अचानक शुरू हुए इस सर्च ऑपरेशन से इलाके में हड़कंप मच गया।
एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर की अगुवाई में चली इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी डी डी नगर गौतम चंद गावड़े, थाना प्रभारी पुरानी बस्ती विनय सिंह, थाना प्रभारी आमानाका सुधांशु बघेल सहित 80 पुलिस जवानों की टीम शामिल रही। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 138 मकानों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जबकि 25 संदिग्ध दोपहिया वाहनों के नंबर नोट कर उन्हें जांच में लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने एक आदतन बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर मकान मालिकों और किरायेदारों को अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की कड़ी हिदायत दी। अधिकारियों ने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने किरायेदारों का पूरा विवरण और किरायानामा संबंधित थाने में तुरंत जमा करें ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जा सके। इसके साथ ही आम जनता से अपील की गई कि क्षेत्र में किसी भी संदेहास्पद व्यक्ति या हरकत को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस की इस मुस्तैदी के बीच पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
