इंदौर, हरदा और नीमच के लिए भेजा गया 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल गंतव्य तक नहीं पहुंचने का मामला, ट्रांसपोर्टर और तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में
एक साल बाद भी जांच अधूरी, FIR और कार्रवाई पर सवाल; कलेक्टर बोले- करा रहे हैं जांच।
कटनी। जिले से सरकारी खाद्यान्न के परिवहन में करोड़ों रुपये की कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। वर्ष 2025 में कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच के लिए रवाना किए गए 32 ट्रकों में लदा 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल संबंधित जिलों तक नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई है। गायब बताए जा रहे चावल की कीमत करीब 4 करोड़ 39 लाख 1 हजार रुपये आंकी गई है। सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकारी चावल रास्ते में कहां गायब हो गया?
तीन जिलों के लिए रवाना हुए थे 32 ट्रक
सूत्रों के मुताबिक इंदौर के लिए 8 ट्रकों में 2,641 क्विंटल, हरदा के लिए 14 ट्रकों में 4,763 क्विंटल और नीमच के लिए 10 ट्रकों में 3,569 क्विंटल चावल भेजा गया था। लेकिन संबंधित जिलों में चावल की प्राप्ति का रिकॉर्ड नहीं मिलने की बात सामने आई है।
भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को मिली थी जिम्मेदारी
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) ने चावल परिवहन का ठेका भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को दिया था। श्रीराम फूड और कान्हा राइस मिलर्स से चावल का उठाव कराया गया था। तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी की निगरानी में वाहन रवाना किए जाने की जानकारी है। अब परिवहन एजेंसी और तत्कालीन जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि किसी की संलिप्तता अभी प्रमाणित नहीं हुई है।
GPS, चालान और भुगतान की जांच क्यों नहीं ?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ट्रकों में GPS सिस्टम के जरिए लोकेशन ट्रैक की जा सकती है, तो 32 वाहनों का रिकॉर्ड खंगालकर उनकी वास्तविक स्थिति क्यों नहीं पता की गई? क्या परिवहन बिलों का भुगतान हुआ? क्या संबंधित जिलों की प्राप्ति रसीदों और वाहन नंबरों का मिलान किया गया? आखिर किस आधार पर चावल की खेप को रवाना दर्शाया गया?
एक साल बाद भी कार्रवाई का इंतजार
हैरानी की बात है कि करोड़ों रुपये के सरकारी खाद्यान्न से जुड़े इस मामले में अब तक जांच पूरी होने और FIR दर्ज होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है। विभागीय चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। मामले को लेकर कलेक्टर ने जांच कराए जाने की बात कही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 32 ट्रकों में लदा 10,975 क्विंटल चावल आखिर कहां गया? जरूरत है कि परिवहन एजेंसी से लेकर तत्कालीन जिम्मेदार अधिकारियों तक की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों की जवाबदेही तय की जाए।
✍️ पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट

