थाना – यातायात, जिला कटनी

कटनी पुलिस द्वारा नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों की टाइमिंग का वैज्ञानिक पुनर्मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथाकमल मौर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में निरीक्षक अनूप सिंह, थाना प्रभारी यातायात द्वारा यातायात दबाव, वाहनों की संख्या, विभिन्न मार्गों की व्यस्तता तथा आमजन से प्राप्त सुझावों का विश्लेषण कर प्रमुख चौराहों एवं तिराहों के ट्रैफिक सिग्नलों की टाइमिंग में सुधार कराया गया है।

सुधारित व्यवस्था के अंतर्गत माधवनगर चौराहा पर जबलपुर मार्ग से कटनी आने वाले वाहन चालकों को पूर्व में लगभग 80 सेकंड तक प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, जिसे घटाकर 56 सेकंड किया गया है। इसी प्रकार कटाई घाट तिराहा पर प्रतीक्षा अवधि 70 सेकंड से घटाकर 45 सेकंड तथा पन्ना मोड़ तिराहा पर भी यातायात प्रवाह के अनुरूप सिग्नल टाइमिंग का पुनर्संतुलन किया गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही अधिक सहज एवं व्यवस्थित हो सके।

इस सुधारात्मक पहल से सिग्नलों पर अनावश्यक प्रतीक्षा समय में कमी आएगी, यातायात का प्रवाह सुचारु होगा, जाम की स्थिति नियंत्रित होगी तथा ईंधन की बचत के साथ वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। साथ ही नागरिकों का यात्रा समय कम होने से उनकी सुविधा एवं उत्पादकता में सकारात्मक वृद्धि होगी।

कटनी यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगामी दिनों में अन्य प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं यातायात प्रभावित स्थलों का भी नियमित सर्वेक्षण एवं विश्लेषण किया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार सिग्नल संचालन प्रणाली में तकनीकी सुधार किए जाएंगे।

यातायात पुलिस आमजन से अपील करती है कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, रेड सिग्नल का उल्लंघन न करें, स्टॉप लाइन के पीछे वाहन रोकें, निर्धारित लेन में चलें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। आपकी छोटी-सी सावधानी स्वयं के साथ-साथ अन्य नागरिकों के जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित करती है।

कटनी पुलिस का लक्ष्य केवल चालान नहीं, बल्कि सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त यातायात संस्कृति का निर्माण है।

“सुव्यवस्थित सिग्नल – सुगम यातायात, सुरक्षित जीवन”
जितेन्द्र मिश्रा कटनी

Comments are closed.

Exit mobile version