कटनी
बरही। आगामी त्यौहारों एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बरही परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धारवे, थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, तहसीलदार बरही, नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल सहित शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, जुलूस एवं प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था तथा धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने नागरिकों एवं आयोजन समितियों से शासन-प्रशासन के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पर्व मनाने तथा आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई। थाना प्रभारी अरविंद कुमार चौबे ने आश्वस्त किया कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा पर्याप्त बल एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में मौजूद सदस्यों एवं नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा कटनी

